महोबा, कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क
हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचल
दिया,दर्दनाक हादसे में दोनों भाइयों की मौत हो गई । जबकि बाइक के परखच्चे
उड़ गए । त्यौहार पर हुए हृदय विदारक हादसे से मृतकों के परिजनों में
कोहराम मच गया। खुशियों के त्यौहार पर घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा ।
मंगलवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए
भेज दिया है और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
मध्य प्रदेश के
छतरपुर जनपद के लवकुश नगर थाना क्षेत्र स्थित रामूपुरा गांव निवासी मुन्ना
कुशवाहा (40) अपने चचेरे बड़े भाई अनंतराम (45) पुत्र के साथ सोमवार को
बाइक से बेटे के लिए खुजली की देशी दवा लेने के लिए महोबा जिले के मक़रबई
गांव गए थे।
जहां से वह दवा लेकर वापस घर लौट रहे थे तभी रास्ते
में कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में काली पहाड़ी के पास तेज रफ्तार
डंपर ने बाइक सवारों को बुरी तरह कुचल दिया, जिसमें बाइक सवार दोनों चचेरे
भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
खुशियों के त्यौहार के बीच
एक ही परिवार में एक साथ दो मौतें होने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट
पड़ा। तो वहीं इलाके में शोक की लहर दौड़ गई ।
सदर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
बिखर गए दो परिवार
परिजनों
के अनुसार दोनों मृतक मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।
बताया कि मृतक मुन्ना की 5 संतानें हैं जिनमें 3 बेटियां ऊषा, मानकुंवर और
गंगा हैं जबकि दो बेटे भोला और रितिक हैं। बड़ी बेटी ऊषा और मानकुंवर की
गोद भराई हो गई है। इसी वर्ष जून माह में दोनों बेटियों के एक साथ एक ही
मंडप में हाथ पीले होने थे। तो वहीं मृतक अनंतराम की दो संताने भूपेंद्र और
उदयभान हैं।






